गुमला में बड़ी कार्रवाई: 18 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, 110 किलो जावा महुआ नष्ट
गुमला जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ एक बार फिर सख्ती दिखाई है। उपायुक्त के निर्देश पर और अधीक्षक उत्पाद की देखरेख में सिसई प्रखंड के कुदरी तथा भरनो प्रखंड के महादेव चेगरी गांव में आज विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों को चिह्नित किया।


अभियान के दौरान कुल 18 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि 110 किलो जावा महुआ, जो चुलाई के लिए तैयार रखा गया था, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। छापामारी के दौरान वहां मौजूद दो लोगों को अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया।
टीम के सदस्यों ने बताया कि यह कार्रवाई अनुमंडल स्तरीय उत्पाद टीम द्वारा की गई थी, जिसका मुख्य लक्ष्य गांवों में फैल रहे अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ना है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

