गुमला में नाबालिग गर्भवती की कुल्हाड़ी से हत्या, प्रेमी गिरफ्तार; प्रेम संबंध और सामाजिक दबाव पर पुलिस जांच जारी
गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के पुराना रायडीह गांव में मंगलवार को एक नाबालिग गर्भवती लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंशिका तिर्की के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी सुमन यादव (19 वर्ष) ने कुल्हाड़ी से की। बताया जा रहा है कि अंशिका पांच महीने की गर्भवती थी और पिछले एक सप्ताह से सुमन के घर पर रह रही थी।


घटना के समय आरोपी सुमन घर में ही मौजूद था और उसने भागने की कोशिश नहीं की। सूचना मिलते ही रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सुमन ने बताया कि उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। उसने स्वीकार किया कि प्रेमिका को घर में रखने के कारण वह मानसिक दबाव में था।
आरोपी की मां ने भी बताया कि बेटा कई दिनों से ठीक से नहीं सोया था और मानसिक रूप से परेशान लग रहा था। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे प्रेम संबंध, गर्भावस्था और सामाजिक दबाव जैसे पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

