गुमला में सड़क निर्माण को लेकर महिलाओं ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
गुमला: पालकोट प्रखंड की दर्जनों ग्रामीण महिलाएँ मंगलवार को समाहरणालय पहुँचीं और अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि उनके गाँव में वर्षों से सड़क नहीं बनी है, जिससे वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।


ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही है और बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। कई बार मरीजों को खाट पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि खराब सड़क व्यवस्था से दैनिक कामकाज और आवागमन दोनों ही कठिन हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और निराशा दोनों बढ़ रही हैं। महिलाओं ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की अपील की ताकि क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके और पलायन जैसी समस्या पर भी रोक लग सके।

