गुमला में स्कूली बसों पर कड़ी कार्रवाई, DAV स्कूल पर 43 हजार का जुर्माना
गुमला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तीसरे दिन भी स्कूल वाहनों की सघन जांच जारी रखी। 5 दिसंबर को DAV स्कूल में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं, जिसके बाद एक विंगर वाहन जब्त किया गया और ₹43,000 का जुर्माना लगाया गया।


टीम ने पाया कि कई बसों में लगे अग्निशामक यंत्र एक्सपायर्ड थे, जिससे आपात स्थिति में बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। वहीं कई वाहनों में अनिवार्य सुरक्षा उपकरण—CCTV और GPS—पूरी तरह अनुपस्थित थे। इसके अलावा अतिरिक्त लाइट लगाने पर भारी चालान किया गया। नियमों की अनदेखी पर स्कूल प्रिंसिपल को भी फटकार लगाई गई।
जांच की जानकारी मिलते ही कई टेंपो और निजी वाहन मौके से भागते नजर आए। बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों पर भी नियम उल्लंघन का जुर्माना लगाया गया, खासकर बिना हेलमेट आने वाले माता-पिता पर ऑनलाइन चालान काटा गया।
प्रशासन ने पाया कि कई वाहन अभी भी सफेद नंबर प्लेट पर व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। DTO ने चेतावनी दी कि अगले माह तक सभी वाहनों को कमर्शियल नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने पर स्कूल प्रबंधन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

