Newsझारखण्डसरायकेला

गुरुग्राम हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों को 40-40 लाख मुआवजा और नौकरी, बुरुहातु पहुंचे शिव शंकर सिंह मुंडा के पार्थिव शरीर को आजसू नेता हरे लाल महतो ने दी श्रद्धांजलि

 

 

चांडिल

 

हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की एक निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 40-40 लाख रुपये मुआवजा तथा एक-एक सदस्य को नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी स्थानीय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के हवाले से दी गई थी।

इस हादसे में ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुहातु गांव निवासी शिव शंकर सिंह मुंडा की भी मौत हो गई थी। वे आजसू पार्टी के जुझारू कार्यकर्ता सीमंत सिंह मुंडा के भाई थे। शुक्रवार को हरियाणा से उनका पार्थिव शरीर बुरुहातु गांव पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने बताया कि हादसे के दिन ही पार्टी कार्यकर्ता सीमंत सिंह मुंडा के माध्यम से घटना की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसके बाद तत्काल केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के लोकप्रिय सांसद संजय सेठ से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया था, ताकि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता मिल सके।

बताया गया कि संजय सेठ ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा सरकार तथा हरियाणा और झारखंड के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मामले का समाधान कराया। उनके प्रयास से सभी मृतकों के परिवारों को 40-40 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। फिलहाल प्रत्येक परिवार को 20-20 लाख रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि भी प्रदान कर दी गई है।

इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, संबंधित क्षेत्र के उपायुक्त अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव तथा सहायक श्रम आयुक्त अनिल शर्मा उपस्थित थे। बैठक में सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

 

दिल्ली–जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से सात मजदूर मलबे में दब गए थे। घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। कई मशीनों की मदद से मलबा हटाकर सभी सात मजदूरों को बाहर निकाला गया और भिवाड़ी के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरे लाल महतो ने इस दुखद घड़ी में सहयोग करने और असहाय परिवारों का सहारा बनने के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *