गुरुवार से शुरू हुआ नववर्ष 2026, साईं सेवा ट्रस्ट की ओर से साईं महोत्सव का आयोजन कदमा में गूंजे ‘जय साईं राम’ के जयकारे, भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ कार्यक्रम
जमशेदपुर।


नववर्ष 2026 की शुरुआत गुरुवार के पावन अवसर पर होने के साथ ही जमशेदपुर के कदमा स्थित रामनगर साईं मंदिर में साईं सेवा ट्रस्ट की ओर से भव्य साईं महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। पूरे मंदिर परिसर में ‘जय साईं राम’ के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
महोत्सव की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 की रात्रि में सेज आरती के साथ हुई, जिसमें पंडित शेषनाथ गोस्वामी द्वारा नववर्ष में साईं भक्तों के लिए सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलकामनाओं की प्रार्थना की गई। इसके पश्चात गुरुवार एवं नववर्ष के अवसर पर प्रातः कांकड़ आरती के साथ साईं बाबा का स्नान, श्रृंगार, भजन-कीर्तन एवं भोग अर्पण के कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुए।
साईं परिवार एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से देर शाम तक भक्तों द्वारा आरती, भोग एवं प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा, जिसमें जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने सहभागिता की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष इंद्रजीत भारती एवं रंजीत गोस्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्ष 2026 गुरुवार से प्रारंभ हुआ है, और गुरुवार साईं बाबा का विशेष दिन होने के कारण प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी साईं महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी नववर्ष के पहले गुरुवार के अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं समारोह श्रद्धा के साथ मनाए गए।
उन्होंने बताया कि भक्तों द्वारा बाबा को नए वस्त्र, फूलों का आकर्षक श्रृंगार तथा खिचड़ी-खीर का भोग अर्पित किया गया। वहीं, जमशेदपुर के चर्चित भजन कलाकार अजय एंड टीम द्वारा गणेश वंदना के साथ ‘शिरडी वाले साईं बाबा’ और ‘साईनाथ तेरे हजारों हाथ’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिरस में डूब गया। भजन-कीर्तन के दौरान बच्चों एवं महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के संस्थापक उमेश पाल गोस्वामी, इंद्रजीत भारती, श्रीकांत गिरी, रंजीत गोस्वामी, सत्येंद्र गोस्वामी, रोहित गोस्वामी, विशाल भारती, गौरव भारती, विकास भारती, प्रकाश भारती, आशीष भारती, शुभम भारती, प्रशांत भारती, साहिल भारती, सागर भारती, निखिल भारती, अमनदीप भाटिया, शिवनाथ, विनोद रजक, बिनोद पाल, राजेश गुप्ता, बंटी, अरूप मजूमदार, पल्लवी, मधु, ज्योति गोस्वामी, संजना भारती, शिवा, बिट्टू सहित अन्य कई लोगों ने अहम भूमिका निभाई।

