हैदराबाद में झारखंड एकता समाज का आठवां स्थापना दिवस, डुमरी विधायक जयराम महतो हुए शामिल
हैदराबाद के एर्रागड्डा स्थित विक्टोरिया गार्डेन में रविवार को झारखंड एकता समाज की ओर से आयोजित आठवां स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के डुमरी विधायक और लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो जयराम महतो शामिल हुए।



प्रवासी झारखंडवासियों की भारी उपस्थिति के बीच आयोजित इस समारोह में विधायक महतो ने कहा,
“हजारों किलोमीटर दूर अपने परिजनों से बिछड़े इन भाइयों के बीच रहना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सिर्फ एक कार्यकर्ता की भूमिका नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है जो मुझे इन प्रवासी भाइयों ने सौंपी है।”

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में प्रवासी मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंडी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जिससे प्रवासी समाज में एकता और उत्साह का संचार हुआ।
समारोह के समापन पर जयराम महतो ने कहा, “सभी प्रवासी भाइयों का आभार, यह संघर्ष हम सबका है, और यह जारी रहेगा जब तक सम्मान और अधिकार सुनिश्चित नहीं हो जाते।”

