Newsझारखण्डसरायकेला

हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजन की मुआवज़ा मांग पर टला मामला — FIR दर्ज

 

 

राजनगर (सरायकेला-खरसावां), 6 अगस्त:

हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित छोटानागपुर कॉलेज के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में खकन महतो नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक स्थानीय निवासी था और घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक खकन महतो अपने निजी काम से हाता जा रहा था, तभी तेज़ गति से आ रही एक पिकअप वैन(JH05 BS 8886) ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था लेकिन बाद में पकड़ा गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मुआवज़े की मांग को लेकर आक्रोश जताया।

 

परिजनों ने वाहन मालिक से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन पिकअप वैन के मालिक ने बातचीत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जिला परिषद सदस्य आमोदिनी महतो एवं JLKM के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी पीड़ित परिजन और ग्रामीणों के साथ राजनगर थाना पहुंचे।

 

थाने में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में मालिक से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन मालिक ने न तो फोन पर बात की और न ही किसी तरह की मुआवज़ा राशि देने की इच्छा जताई।

 

परिजनों के न्याय की मांग और लगातार हो रहे हादसों के खिलाफ़ प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए आमोदिनी महतो ने कहा —

 

“हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह इस सड़क पर ट्रैफिक नियमों की कड़ाई से निगरानी करे, स्पीड ब्रेकर लगाए और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करे।”

 

थाना प्रभारी की पहल पर मृतक के परिजनों की शिकायत पर IPC की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना जिससे जान को खतरा हो) एवं धारा 106(1) के तहत एक FIR दर्ज की गई है।

 

मृतक के परिजन अभी भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं और वाहन चालक के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *