हेमंत सोरेन 20 फरवरी को गिरिडीह में मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा 2026 में होंगे शामिल
रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 20 फरवरी 2026 को गिरिडीह में आयोजित होने वाले “मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा 2026” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए समारोह में भाग लेने की सहमति दी और गिरिडीह जिले के लोगों को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
“मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा” आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इस अवसर पर पारंपरिक पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता देखने को मिलती है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इसमें भाग लेते हैं।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी में जुट गया है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो सके।

