Newsझारखण्ड

हेमंत सोरेन ने नगर विकास में नियुक्ति पत्र सौंपे, पर्यटन प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ

 

रांची, 11 सितंबर।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नगर विकास एवं आवास विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में नवनियुक्त कर्मचारियों की भूमिका अहम होगी।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहरों में बढ़ते पलायन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिना योजनाबद्ध विकास के शहरों का विस्तार गंभीर समस्याओं को जन्म देगा। इसलिए शहरों का समुचित विकास आवश्यक है। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झारखंड पर्यटन और सांस्कृतिक विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का भी शुभारंभ किया। झारखंड पर्यटन और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेटीडीसी) का नया लोगो और वेबसाइट लॉन्च की गई। साथ ही सांस्कृतिक दल प्रबंधन प्रणाली एप्लीकेशन (सीटीएमएस) का उद्घाटन हुआ। होटल प्रबंधन संस्थान ब्रॉम्बे, रांची द्वारा झारखंडी व्यंजनों पर आधारित पुस्तक “SAVOURING JHARKHAND” का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक रोजगार के अवसर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के युवाओं और स्थानीय समुदायों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी।

 

समारोह में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार और पर्यटन सचिव मनोज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *