हजारीबाग: गृहभेदन मास्टरमाइंड ‘टैक्सी’ सहित 3 गिरफ्तार, भारी मात्रा में गहने बरामद
हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र में गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड सुभाष चंद्र बोस उर्फ़ “टैक्सी” और उसके दो साथी गिरफ्तार किए गए हैं। सुभाष लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए “माता-पिता नहीं हैं” की दया अपील करता था।


पुलिस ने 22 नवंबर को विष्णुपुरी गली में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी के बाद विशेष टीम गठित की। 28 नवंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुभाष को विष्णुपुरी गली नंबर-4 से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सुभाष ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य साथी भोला प्रसाद सोनी और अमित दुबे को भी गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया गया। इसमें 54.5 ग्राम सोना, सैकड़ों ग्राम चांदी के गहने, 577 ग्राम आर्टिफिशियल ज्वेलरी, लैपटॉप, इन्वर्टर, होम थिएटर और ज्वेलरी गलाने का सामान शामिल है।
सुभाष ने कटकमदाग में 4, लोहसिंघना में 2 और सदर थाना क्षेत्र में 4 चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि टैक्सी जैसे शातिर चोरों की गिरफ्तारी से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी और जिले में चोरी के नेटवर्क को तोड़ने में यह कार्रवाई अहम साबित होगी।

