हजारीबाग जमीन घोटाला: ACB की बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार; IAS विनय चौबे कनेक्शन से बढ़ी हलचल
हजारीबाग जमीन घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में इंद्रदेव प्रसाद, शशि शेखर, जय प्रकाश यादव, चतरु प्रजापति, हाजी कलाम सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। यह कार्रवाई उस समय की गई है जब पहले ही इस मामले में आईएएस विनय चौबे और कारोबारी विनय सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो अन्य प्रशासनिक अधिकारियों पर भी अभियोग तय किए गए थे।


एसीबी की ताजा पहल के बाद हजारीबाग में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इस केस में कुल 73 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें सदर विधायक प्रदीप प्रसाद का नाम भी शामिल है। जांच एजेंसी को नए सबूत और कुछ और लोगों के घोटाले से जुड़े होने की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है।
आरोप है कि हजारीबाग के तत्कालीन उपायुक्त आईएएस विनय कुमार चौबे ने सरकारी और वन भूमि के स्वामित्व में भारी अनियमितताएं कीं और भूमाफियाओं को लाभ पहुंचाया। कई वर्षों से चल रही जांच अब तेज हो गई है और एसीबी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है।

