Newsझारखण्ड

हो’ समाज के वार्षिक उपरूम–जुमुर कार्यक्रम को लेकर बैठक संपन्न 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): आगामी 11 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले ‘हो’ समाज के वार्षिक उपरूम–जुमुर कार्यक्रम (सामाजिक मिलन समारोह) को सफल बनाने को लेकर रविवार को महासभा कला एवं संस्कृति भवन परिसर, हरिगुटु (चाईबासा) में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ हेस्सा ने की।

बैठक में आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा, आदिवासी ‘हो’ समाज महिला महासभा तथा ‘हो’ राइटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रमुख रूप से शामिल हुए। आयोजन समिति एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों और उनके स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की।

बताया गया कि वार्षिक मिलन समारोह उपरूम–जुमुर–2026 को “चासोयाबु, आसुलेनाबु ओण्डो: आपासुलाबु” थीम के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों से पारंपरिक धोती-साड़ी पहनकर तथा निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की जाएगी। समारोह के दौरान विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्व-त्योहारों की घोषणा, थीम आधारित प्रस्तुतियां एवं मिलन समारोह का संदेश भी दिया जाएगा।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, दियुरी, मानकी-मुंडा, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक, राजनीतिक एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सामाजिक, आर्थिक एवं संगठनात्मक सहयोग की अपील की है। साथ ही हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी सदस्यों से तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटने का अनुरोध किया गया।

बैठक में विधि-व्यवस्था, प्रशासनिक सहयोग, यातायात व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, भोजन व्यवस्था, पंजीकरण, प्रकाशन एवं प्रचार-प्रसार, मेडिकल सेवा सहित कई विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

इस अवसर पर अंजु सामड, विमला हेम्ब्रम, इंदुमति हेम्ब्रम, रोशन रानी पाड़ेया, जवाहरलाल बंकिरा, इपिल सामड, सोमा जेराई, शांति सिदु, फुलमति सिरका, गब्बर सिंह हेम्ब्रम, दांसर बोदरा, सिकंदर तिरिया, आशीष तिरिया, ओयबन हेम्ब्रम, बसंती पाड़ेया, गोबाई गागराई, मोयका बिरुवा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *