Newsझारखण्ड

होटवार जेल में फिर हड़कंप: डांस पार्टी विवाद के बीच नए असिस्टेंट जेलर दिनेश वर्मा का तबादला, पांच दिन में दूसरी कार्रवाई

रांची की होटवार जेल एक बार फिर विवादों में है। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कथित डांस पार्टी वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने लगातार दूसरी बार बड़ी कार्रवाई की है। इस बार कार्रवाई की आंच नए असिस्टेंट जेलर दिनेश प्रसाद वर्मा तक पहुंची है। पदभार संभालने के महज पांच दिन बाद ही उनका तबादला धनबाद जेल कर दिया गया है। उनकी जगह गुमला जेल में तैनात लवकुश कुमार को नया असिस्टेंट जेलर बनाया गया है।

 

सूत्रों के मुताबिक, दिनेश वर्मा ने जेल में सख्ती बरतनी शुरू की थी। उन्होंने वायरल वीडियो में दिखे कैदी को सेल में बंद किया और वीवीआईपी सुविधाएं भोग रहे कैदियों को सामान्य वार्ड में भेज दिया था। इसके साथ ही जेल कैंटीन में चल रही अनियमितताओं पर भी नकेल कसने की कोशिश की थी। माना जा रहा है कि उनकी यही सख्ती उनके तबादले की वजह बनी।

 

पिछले कुछ दिनों में होटवार जेल में दो असिस्टेंट जेलर, एक जमादार और कई अन्य कर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार तबादलों और निलंबनों से जेलकर्मियों में नाराजगी बढ़ी है। एक कर्मचारी ने कहा, “ईमानदारी से काम करें तो ट्रांसफर, ढिलाई बरतें तो कार्रवाई—अब ड्यूटी करना मुश्किल हो गया है।”

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *