IAS विनय चौबे पर नया आरोप! पूर्व पार्टनर ने लगाया करोड़ों की धोखाधड़ी और साजिश का केस
रांची में IAS विनय चौबे और उनके करीबी कारोबारी विनय सिंह पर एक और गंभीर मामला दर्ज हुआ है। डोरंडा निवासी दीपक कुमार ने जगन्नाथपुर थाना में दोनों पर आपराधिक साजिश, जालसाजी, धमकी और करोड़ों के व्यवसाय पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।


दीपक कुमार पहले विनय सिंह के बिजनेस पार्टनर थे और दोनों ने मिलकर नेक्सजेन सॉल्यूशन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई थी, जिसे महिंद्रा एंड महिंद्रा की कैपिटल डीलरशिप भी मिल चुकी थी। दीपक का कहना है कि इसी दौरान IAS विनय चौबे से उनकी मुलाकात कराई गई, जिसके बाद दोनों की नजर कंपनी के मुनाफे पर टिक गई।
आरोप है कि विनय चौबे ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दीपक को व्यवसाय से हटाने की योजना बनाई। उनके भाई को दीपक की दूसरी कंपनी में ऊँचे पद पर बैठाया गया और 2006 में पलामू में पदस्थ रहने के दौरान टेंडर की आमदनी पर कब्जा करने की कोशिश की गई। दीपक का दावा है कि उन पर दबाव बनाने के लिए पलामू और रांची में फर्जी आपराधिक मामले दर्ज करवाए गए और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया।
दीपक का आरोप है कि जाली हस्ताक्षर से शेयर ट्रांसफर, बैंक खाते का दुरुपयोग और पत्नी के नाम निदेशक नियुक्त कर कंपनी पर कब्जा कर लिया गया। अब उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

