इंडिगो संकट का असर रांची में गहरा, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 11 फ्लाइटें रद्द
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब इंडिगो की 18 निर्धारित उड़ानों में से 11 को अचानक रद्द करना पड़ा। बाकी सात फ्लाइटें भी काफी देरी से उड़ान भर सकीं। एयरलाइन के चल रहे ऑपरेशनल संकट का सीधा असर यात्रियों पर पड़ा, जिससे पूरे दिन एयरपोर्ट पर अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल रहा।


फ्लाइटें कम होने के चलते टिकट दरों में तेज बढ़ोतरी देखी गई। ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, जहां सामान्य दिनों में किराया 8–10 हजार रुपये के बीच रहता था, वहीं अब यह बढ़कर 25–30 हजार रुपये तक पहुंच गया है। अचानक बढ़े किराए और अनिश्चित उड़ान समय के कारण यात्रियों में नाराजगी स्पष्ट दिखी।
लगातार रद्द हो रही उड़ानों के चलते कई लोग नौकरी के इंटरव्यू, मेडिकल अपॉइंटमेंट और जरूरी बैठकों में शामिल नहीं हो पाए। यात्रियों ने शिकायत की कि एयरलाइन समय पर जानकारी नहीं दे रही, जिससे उनकी दिक्कतें बढ़ रही हैं। एयरपोर्ट पर रिफंड, री-शेड्यूलिंग और अगली फ्लाइट की उपलब्धता को लेकर लंबी कतारें लगी रहीं। यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि स्थिति जल्द सामान्य हो और एयरलाइन स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे।

