Newsझारखण्ड

जामताड़ा में सड़क हादसे के बाद बवाल, बिजली गुल होने से 5 घंटे सड़क जाम

जामताड़ा जिले में एक सड़क हादसे के बाद हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। जामताड़ा थाना क्षेत्र के झड़नापाड़ा–मिहिजाम बाईपास पर रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित घर में जा घुसी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि बिजली का पोल टूटने से आसपास के कई गांवों में अंधेरा छा गया।

बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब चार से पांच घंटे से सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। जाम में एम्बुलेंस, यात्री वाहन और मालवाहक गाड़ियां फंसी हुई हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोपहर से बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार देवघर से पूजा कर लौट रही थी और आसनसोल की ओर जा रही थी। झड़नापाड़ा के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ा और कार सीधे घर में घुस गई। हादसे में कार और मकान दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया। ASI राकेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन बिजली विभाग के साथ समन्वय बनाकर सड़क जाम हटाने और बिजली बहाल कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देर शाम तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *