Newsझारखण्ड

जामताड़ा में साइबर ठगों का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा: पुलिस ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मिहिजाम और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम अंसारी, सद्दाम अंसारी और बिरेन्द्र मंडल के रूप में हुई है।

 

ये आरोपी Magicpin ऐप के जरिए लोगों को “PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक” का झांसा देकर ठगी करते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति फर्जी लिंक पर क्लिक करता या कैशबैक एक्सेप्ट करता, उसके खाते से पैसे निकल जाते। आरोपी उन पैसों से गिफ्ट कार्ड खरीदते और कमीशन पर बेच देते थे। इसके अलावा, ये लोग व्हाट्सऐप पर RTO e-challan या SBI कार्ड अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल की गोपनीय जानकारी चुराते थे।

 

गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में छापेमारी की गई, जिसमें पुलिस ने 11 मोबाइल, 14 सिम कार्ड, 44,900 रुपये नकद, एक आधार कार्ड और एक बाइक बरामद की। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में फैला हुआ था और कई राज्यों में लोगों को निशाना बना रहा था। यह कार्रवाई जामताड़ा में साइबर अपराध पर बड़ी रोक के रूप में देखी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *