जामताड़ा पुलिस की बड़ी सफलता: मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड सहाबुद्दीन अंसारी गिरफ्तार, 12 बाइक बरामद
जामताड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह का मास्टरमाइंड सहाबुद्दीन अंसारी गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है।


पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लगोरी और थाना प्रभारी जामताड़ा की टीम ने 19 अक्टूबर की शाम पोसोई मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक को रोका गया। बाइक पर सवार दो युवकों में से एक खेत की ओर भाग गया, जबकि चालक मकसूद अंसारी (उर्फ बहिरा/मधुलिया) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मकसूद ने बताया कि वह अपने साथी जैनुल अंसारी (उर्फ नचनिया) के साथ मिलकर बाइक चोरी करता था और उन्हें सहाबुद्दीन अंसारी तथा बकरीद मियां को बेचता था। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर सहाबुद्दीन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर अब तक 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की जा चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि सहाबुद्दीन अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और खोज अभियान जारी रखे हुए है।

