जेएसएलपीएस की समीक्षा बैठक आयोजित, पलाश दीदी कैफे व समूह आधारित आजीविका पर जोर
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार मौजूद रहे।


बैठक में जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती आशियानी मड़की सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और जिला स्तर की तकनीकी टीम उपस्थित रही।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने चाईबासा और चक्रधरपुर में स्वीकृत पलाश मार्ट की वर्तमान स्थिति, जिले के प्रत्येक गांव में स्वयं सहायता समूह के क्रियान्वयन, तथा जिला स्तर से डीएमएफटी के माध्यम से जेएसएलपीएस को दिए गए प्रोजेक्ट के संचालन एवं आर्थिक संयोजन से संबंधित प्रतिवेदन की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों और जिला समाहरणालय में पलाश दीदी कैफे का अधिष्ठापन और संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले के विभिन्न आवासीय विद्यालय परिसरों में खाली जमीन पर नियमित रूप से सब्जी की खेती शुरू करने तथा कुछ प्रखंडों का चयन कर वहां अलग-अलग मसालों की खेती प्रारंभ करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और स्वयं सहायता समूहों का चयन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जेएसएलपीएस के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों का मुख्य उद्देश्य महिला आजीविका को सशक्त करना और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना है। जिले में कुल 75 सीएलएफ और 15,609 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं, जिनमें से 14,473 स्वयं सहायता समूहों को प्रथम किस्त का आर्थिक संयोजन प्रदान किया गया है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आर्थिक संयोजन प्राप्त सभी स्वयं सहायता समूहों द्वारा वर्तमान में संचालित आर्थिक गतिविधियों की सूची तैयार की जाए। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत में 20 से 25 स्वयं सहायता समूहों का चयन कर समूह आधारित आर्थिक गतिविधि निर्धारित करते हुए एक-एक समूह को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जाए।
उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देश दिया कि उपरोक्त दोनों कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन 21 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत किया जाए।

