जगन्नाथपुर में 144 झारखंड आंदोलनकारी सम्मानित, विधायक ने वितरित किए प्रमाण पत्र
जगन्नाथपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन की ओर से जगन्नाथपुर अनुमंडल क्षेत्र के 144 चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह शनिवार को जगन्नाथपुर प्रखंड विकास कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्घाटन जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव, जगन्नाथपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्यम कुमार, नोवामुंडी अंचल अधिकारी मनोज कुमार, कुमारडुंगी और मझगांव के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया।

सम्मान समारोह के दौरान जगन्नाथपुर, नोवामुंडी, कुमारडुंगी और मझगांव प्रखंड से चयनित कुल 144 झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर आंदोलनकारियों और उनके परिजनों में खुशी देखी गई।
मुख्य अतिथि विधायक सोनाराम सिंकु ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही झारखंड राज्य का गठन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में सरकार बनने के बाद आंदोलनकारियों की पहचान और सम्मान के लिए आयोग का गठन किया गया, जिसके तहत आज चिन्हित आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो प्रशासन कभी आंदोलनकारियों को गिरफ्तार करता था, वही आज उन्हें सम्मान दे रहा है, यह लोकतंत्र की परिपक्वता का प्रतीक है। विधायक ने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग का परिणाम है। यदि राज्य का गठन नहीं होता तो आज हम जैसे लोग भी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते। अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव ने कहा कि झारखंड आंदोलन जनसंघर्षों का इतिहास है और राज्य सरकार आंदोलनकारियों के हितों की सुरक्षा के लिए सदैव संकल्पित है।

