झिमरी क्षेत्र में अवैध क्वार्टजाइट खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जेसीबी और खनिज लदे ट्रक जब्त, प्राथमिकी दर्ज


सरायकेला-खरसावां, 7 अगस्त।
नीमडीह थाना अंतर्गत झिमरी क्षेत्र में अवैध रूप से किए जा रहे क्वार्टजाइट खनन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर जिला खनन विभाग और नीमडीह थाना की संयुक्त टीम ने उक्त स्थल पर निरीक्षण किया, जहां अवैध खनन की पुष्टि हुई।
निरीक्षण के दौरान टीम को मौके पर अवैध खनन के स्पष्ट साक्ष्य प्राप्त हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए भूमि स्वामी, अनुबंध धारक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नीमडीह थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रशासन ने अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी (वाहन संख्या JH05W9604) और क्वार्टजाइट खनिज लदे ट्रक (वाहन संख्या WB37E4245) को जब्त कर लिया है। जब्त वाहनों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

