झामुमो का भाजपा पर हमला, कहा- झारखंड को अस्थिर करना चाहती है भाजपा
चाईबासा में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि भाजपा झारखंड को अस्थिर करना चाहती है और राज्य में हिंसा की आग में झोंकना चाहती है। उन्होंने कहा कि भोगनाडीह घटना में भाजपा की पूर्वनियोजित साजिश का पर्दाफाश हो गया है।


सोनाराम देवगम ने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है और झारखंड की जनता उनके चाल में नहीं फंसने वाली है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” की नीति को भाजपा ने आत्मसात किया है और सत्ता हथियाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है।
झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने कहा कि भोगनाडीह घटना में भाजपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी उनकी मानसिकता को उजागर करती है। जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि झूठ, फरेब, धोखा, साजिश और हिंसा भाजपा के डीएनए में शामिल है।
कार्यक्रम में झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने भाजपा की नीतियों की निंदा की और झारखंड की एकता और अखंडता के लिए समर्थन जताया।

