Newsझारखण्डसरायकेला

झामुमो केंद्रीय सदस्य सुधीर किस्कू ने शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, नेमरा पहुँचकर दशकर्म में हुए शामिल

 

 

सरायकेला-खरसवां/नेमरा :

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय सदस्य सुधीर किस्कू ने रविवार को झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे रामगढ़ प्रखंड के नेमरा स्थित गुरूजी के पैतृक आवास पहुँचे, जहाँ समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्होंने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सुधीर किस्कू गुरूजी के दशकर्म में भी शामिल हुए और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

 

श्रद्धांजलि सभा में सुधीर किस्कू ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा थे। उन्होंने झारखंड आंदोलन के दौरान अपनी पूरी जिंदगी आदिवासी और मूलवासी समुदायों के हक और अधिकार की लड़ाई में समर्पित कर दी। गुरूजी के जाने से राज्य की राजनीति और समाज दोनों को अपूरणीय क्षति पहुँची है। उन्होंने कहा कि गुरूजी की संघर्षशील विरासत हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

 

नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं और गुरूजी के असंख्य अनुयायियों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धांजलि देने वालों में झामुमो नेता गुलाब मार्डी, अभय यादव, जगदीश सरदार, जगन्नाथ मांझी, मांझी बाबा संजीव टुडू, पंचायत अध्यक्ष बांदु, झारखंड आंदोलनकारी शंकर हेम्ब्रम, युवा मोर्चा नेता दीनबंधु महतो सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने भावुक होकर गुरूजी को नमन किया और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *