Newsझारखण्ड

झामुमो ने बिहार में छह सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा, संख्या 10 तक बढ़ने की संभावना

रांची/बिहार:

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से अलग होकर छह सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह संख्या 10 तक बढ़ सकती है।

 

भट्टाचार्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झामुमो के साथ अक्सर धोखा हुआ है। उन्होंने बताया कि 2019 में झारखंड में राजद को सात सीटें दी गईं, जिसमें केवल एक प्रत्याशी जीत पाया और उसे पांच साल तक मंत्री बनाए रखा गया। 2024 में झारखंड विधानसभा चुनाव में राजद को छह सीटें दी गईं, जिसमें एक विधायक को मंत्री बनाकर सम्मान दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपने आत्म-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी।

 

बिहार चुनाव के लिए झामुमो के 20 स्टार प्रचारक तैयार किए गए हैं, जिनकी सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। प्रचारकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विधायक कल्पना सोरेन, विजय हांसदा, मिथिलेश ठाकुर, विनोद पांडेय, बसंत सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य, बैद्यनाथ राम, हेमलाल मुर्मू, सुदिव्य सोनू, अभिषेक प्रसाद पिंटू समेत अन्य शामिल हैं।

 

भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में झामुमो का अभियान जोर-शोर से चलेगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पार्टी के बिना कोई सरकार बनने की संभावना न रहे। झामुमो बिहार चुनाव के बाद झारखंड में गठबंधन की समीक्षा भी करेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *