झारखंड बजट 2026–27 ऐतिहासिक और दूरदर्शी: डॉ. शुभेन्दु महतो
सरायकेला–खरसावां। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के सरायकेला–खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के झारखंड बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट बताया है।


उन्होंने कहा कि सरायकेला सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की घोषणा कोल्हान क्षेत्र सहित पूरे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।
डॉ. महतो ने बजट में “मईया सम्मान योजना” एवं “मईया सम्मान निधि” को सशक्त एवं विस्तारित करने के निर्णय को राज्य की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिला, छात्र तथा आदिवासी–मूलवासी समाज सहित राज्य के सभी वर्गों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। यह बजट केवल वित्तीय प्रावधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
डॉ. महतो ने कहा कि यह बजट दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों के अनुरूप सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम है। राज्य के शहीदों द्वारा देखे गए अलग झारखंड के सपने को साकार करने में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, आधारभूत संरचना और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रावधान राज्य सरकार की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। यह बजट गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करता है।
साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड की लंबित बकाया राशि, खनिज रॉयल्टी एवं अन्य वित्तीय अधिकारों के शीघ्र भुगतान की मांग की, ताकि राज्य के संसाधनों का लाभ यहां की जनता को पूर्ण रूप से मिल सके और विकास की गति और तेज हो।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट झारखंड को विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

