Newsझारखण्ड

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन नहीं रहे, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

 

 

झारखंड की राजनीति के एक बड़े और करिश्माई चेहरे, दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे शिबू सोरेन ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से झारखंड ही नहीं, पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि शिबू सोरेन जमीनी स्तर से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्होंने हमेशा आदिवासी समुदाय, गरीबों और वंचितों की भलाई के लिए काम किया। प्रधानमंत्री ने लिखा, “उनका सार्वजनिक जीवन लोगों के प्रति समर्पण से भरा हुआ था। उनके निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।”

 

प्रधानमंत्री ने शोक जताने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पहले फोन पर बातचीत की और बाद में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से भी संवेदना प्रकट की।

शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज देर शाम रांची लाया जाएगा। पहले इसे मुख्यमंत्री आवास, मोरहाबादी में रखा जाएगा। कल सुबह पार्थिव शरीर झामुमो कार्यालय ले जाया जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता और आमजन उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद झारखंड विधानसभा में भी उन्हें राजकीय सम्मान दिया जाएगा। अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जाएगा।

 

राज्य सरकार ने दिशोम गुरु के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान 4 और 5 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। शोक अवधि में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई सरकारी आयोजन नहीं किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *