NewsSportsझारखण्ड

झारखंड की शान बनीं पूजा रानी, राज्य कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण—अब नेशनल के लिए चयनित

झारखंड की खेल दुनिया में एक बार फिर नई चमक दिखाई दी है। रांची स्थित डीएसपीएमयू विश्वविद्यालय की स्नातक चौथे सेमेस्टर की छात्रा पूजा रानी ने 26वीं सीनियर झारखंड राज्य कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्री-स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर तक हरिहरगंज, पलामू में आयोजित हुई, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से करीब पांच सौ पहलवानों ने भाग लिया।

 

पूजा की इस जीत ने न सिर्फ विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि उन्हें सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई करा दिया है, जो जल्द ही अहमदाबाद, गुजरात में होगी। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

 

उनकी उपलब्धि पर कुलपति अंजनी कुमार मिश्र, रजिस्ट्रार डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी, विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भरत सहित विभाग के शिक्षकों ने खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अंग्रेज़ी विभाग ने भी इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया है।

 

पूजा रानी ने कहा कि यह सफलता उनके लिए आगे और मेहनत करने की प्रेरणा है। अब उनका पूरा ध्यान राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन कर झारखंड का नाम देशभर में चमकाने पर है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *