Newsझारखण्ड

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती: 4 जिलों में MRI, 20 जिलों में मैमोग्राफी मशीनें लगेंगी

रांची से बड़ी खबर है। झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रामगढ़, गिरिडीह, देवघर और कोडरमा जिलों में जल्द ही एमआरआई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही 20 जिलों में मैमोग्राफी मशीन लगाने की तैयारी भी चल रही है।

यह फैसला स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एमआरआई मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

अधिकारियों का कहना है कि जिलों में एमआरआई सुविधा नहीं होने से मरीजों को रांची जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। कई बार गंभीर मरीजों को आपात स्थिति में परेशानी झेलनी पड़ती है।

महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मैमोग्राफी मशीनों की स्थापना का निर्णय लिया गया है, ताकि स्तन कैंसर की समय पर जांच संभव हो सके। इसके अलावा पांच मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब स्थापित करने की योजना है। सरकार का उद्देश्य जिला स्तर पर उन्नत जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवा मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *