“झारखंड सरकार के नाम बदलने के फैसले पर विवाद, बीजेपी ने की फैसले को वापस लेने की मांग”
झारखंड सरकार के श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का नाम बदलकर वीर बुद्ध भगत विश्वविद्यालय करने के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि यह कदम संस्थानों की स्थिरता और इतिहास के प्रति सम्मान को कमजोर करता है।


मरांडी ने कहा कि सरकार यदि वास्तव में वीर बुद्ध भगत को सम्मानित करना चाहती थी, तो उनके नाम पर एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया जाना चाहिए था। एक महान विभूति के नाम को हटाकर दूसरे महान विभूति के नाम पर संस्थान का नाम बदल देना दोनों ही व्यक्तित्वों की विरासत और सम्मान को प्रभावित करता है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह तत्काल इस निर्णय को वापस ले और वीर बुद्ध भगत के नाम से एक नए विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा करे। मरांडी ने कहा कि ऐसा कदम वीर बुद्ध भगत के सम्मान में एक स्थायी और सार्थक पहल होगी, जिसमें राज्य के युवाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और वीर बुद्ध भगत की विरासत सार्थक रूप से संरक्षित होगी।

