झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने पश्चिमी सिंहभूम का दौरा किया
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले का दौरा किया। समिति के आगमन पर चाईबासा परिसदन में उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद समिति के सदस्य नमन विक्सल कोनगाड़ी और राम सूर्या मुण्डा के नेतृत्व में परिसदन के सभागार में जिला उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक हुई।


बैठक में समिति सदस्यों ने सभी विभागीय अधिकारियों को अनागत प्रश्नों का गंभीरता एवं सावधानीपूर्वक अध्ययन करने का निर्देश दिया। सभी विभागों से तथ्यपरक और अद्यतन उत्तर लिखित रूप में उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, पंचायती राज, पर्यटन, भूमि संरक्षण, विशेष प्रमंडल, शिक्षा, खान एवं भू-तत्व, वन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता, समाज कल्याण और कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
समिति सदस्य नमन विक्सल कोनगाड़ी ने कहा कि यह स्थायी समिति विधानसभा में पूछे गए लेकिन उत्तरित न हुए प्रश्नों पर कार्रवाई की समीक्षा करती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की विकास योजनाओं का प्रभावी, समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

