जिला उपभोक्ता आयोग में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, पश्चिम सिंहभूम में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य उपभोक्ता आयोग के दिशा-निर्देश पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सदस्य देवश्री चौधरी, बार एसोसिएशन के सचिव, अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने उपभोक्ताओं की जागरूकता, आपसी समन्वय, त्वरित न्याय, समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, उपभोक्ताओं के अधिकार और कर्तव्यों तथा उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस कार्यक्रम की जानकारी भी दी।
अधिवक्ताओं को बताया गया कि किसी वस्तु या सेवा में कमी या अनुचित व्यापार व्यवहार की स्थिति में उपभोक्ता जिला उपभोक्ता आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप से शिकायत दर्ज करने और उसके निपटान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 और 2019 के प्रावधानों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के अंत में उपभोक्ता संबंधी शिकायतों, मामलों में कमी और जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब भी हुए। उपस्थित लोगों से उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

