JMM विधायक हेमलाल मुर्मू का बड़ा ऐलान: रेलवे न माने तो 24 जनवरी से कोयला ढुलाई रोकेंगे
पाकुड़ और साहिबगंज जिले में रेल यात्रियों और व्यवसायियों की मांगें पूरी नहीं होने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे जल्द समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो 24 जनवरी से अमड़ापाड़ा से कोयला ढुलाई पूरी तरह बाधित कर दी जाएगी।


विधायक हेमलाल मुर्मू ने बताया कि फिलहाल आम जनता और पत्थर व्यवसायियों द्वारा रेल मार्ग से पत्थर की ढुलाई बाधित की जा रही है, लेकिन रेलवे की उदासीनता को देखते हुए अब कोयला ढुलाई रोकने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे के लिए पाकुड़ और साहिबगंज से सबसे अधिक राजस्व आता है, इसके बावजूद यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने बताया कि मालदा और हावड़ा रेल मंडल में मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण यात्री ट्रेनें कम चल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे की ओर से कोई पहल नहीं हुई, तो 24 जनवरी से अमड़ापाड़ा खदान से कोयला डंपिंग यार्ड तक कोई मालगाड़ी नहीं जाएगी।
यह आंदोलन पटना और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन, ओवरब्रिज और अन्य रेल सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा है। अगर कोयला ढुलाई रुकती है, तो इसका असर पश्चिम बंगाल और पंजाब के पावर प्लांट्स पर भी पड़ सकता है।

