JamshedpurNewsझारखण्ड

जमशेदपुर-घाटशिला से अब तक का सबसे बड़ा नौकरी घोटाला उजागर, 280 युवक-युवतियां मुक्त

 

 

जमशेदपुर/घाटशिला : झारखंड में रोजगार दिलाने के नाम पर चल रहा बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। देर रात मिली गुप्त सूचना पर ग्रामीण एसपी की अगुवाई में घाटशिला और गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 280 युवक-युवतियों को बंधन से मुक्त कराया।

 

जानकारी के मुताबिक, “ग्लेज इंडिया” और “राधा इंटरप्राइजेज” नामक कंपनियां युवाओं को टाटा समेत बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देती थीं। एक उम्मीदवार से 20 से 25 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। बाद में उन्हें मार्केटिंग का काम जबरन कराया जाता था।

 

पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जंगलों में ले जाकर पीटा जाता या कमरों में कैद कर दिया जाता था। कई युवक-युवतियां महीनों से इन कंपनियों की गिरफ्त में थे।

 

छापेमारी में घाटशिला से 180 और गोविंदपुर के भोला बागान इलाके से 100 युवाओं को छुड़ाया गया। चश्मदीदों के अनुसार, घटनास्थल पर 500 से अधिक युवतियां भी मौजूद थीं, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू नहीं किया जा सका।

 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी का प्रमुख और अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद पूरे झारखंड में सनसनी फैल गई है और इसे अब तक का सबसे बड़ा नौकरी घोटाला माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *