जमशेदपुर में 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी संथाली भाषा दिवस समापन समारोह में
जमशेदपुर में ओलचिकी लिपि की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर संथाली भाषा दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसके समापन समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रविन्द्र नाथ मुर्मू ने बताया कि राष्ट्रपति समारोह में प्रमुख संथाली साहित्यकारों को सम्मानित करेंगी।


समापन समारोह 29 दिसंबर को परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह स्थित जाहेरथान परिसर में आयोजित होगा। स्थानीय प्रशासन सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियों में जुटा है। 22 से 29 दिसंबर तक देशभर में संथाली भाषा दिवस मनाया जाएगा, जिसमें दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड शामिल हैं।
ओलचिकी शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए इस बार आयोजन और अधिक विस्तृत रखा गया है। आठ दिन चलने वाले समारोह में नारी चेतना, महिलाओं की भूमिका, शहरीकरण में संथाली भाषा, डिजिटल युग में संभावनाएँ और कवि सम्मेलन जैसे सत्र होंगे।
जमशेदपुर में 27, 28 और 29 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। समापन समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मयूरभंज के सांसद कालीपदो सोरेन और ओडिशा की दामयंती बेसरा भी उपस्थित रहेंगी। आयोजकों ने बताया कि समारोह में सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश मिलेगा और रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।

