जमशेदपुर में कुष्ठ रोग पर दो दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन, जल्द पहचान से दिव्यांगता रोकी जा सकती है : डॉ. धवडिया
जमशेदपुर/29 जुलाई 2025:


सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर में 28 और 29 जुलाई को जिला आयुष समिति की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों के लिए दो दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, उपचार और पुनर्वास विषय पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग के लक्षण, प्रकार, उपचार पद्धति, दिव्यांगता की रोकथाम एवं चिकित्सीय पुनर्वास से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।
डॉ. मृत्युंजय धवडिया, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम ने बताया कि “कुष्ठ रोग की जल्द पहचान और समय पर उपचार से दिव्यांगता से बचा जा सकता है। एमडीटी दवा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क उपलब्ध है।”

उन्होंने यह भी बताया कि 1 अप्रैल 2025 से खोजे गए सभी नए कुष्ठ रोगियों को “Food Supplements for Patients” योजना के तहत ₹500 प्रति माह की दर से सहायता राशि उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके तहत PB मरीजों को ₹3000 और MB मरीजों को ₹6000 की सहायता राशि चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा शुरुआती लक्षणों की पहचान कर मरीजों को समय पर उपचार हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

