जमशेदपुर पूर्वी में 3.695 किलोमीटर लंबी सड़क और पुल परियोजना का शुभारंभ जल्द
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक फोर लेन सड़क और स्वर्णरखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण का काम अगले 10 दिनों में शुरू होने जा रहा है। कुल 3.695 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 242 मीटर लंबा पुल और 3.453 किलोमीटर पहुंच मार्ग शामिल है। कुल लागत लगभग 39.92 करोड़ रुपए है और इसे वर्ष 2024-25 के 11 SBD के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है।


मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रिको स्थित अपने कार्यालय में जमशेदपुर पथ प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। विधायक ने कार्य में हो रही देरी पर नाराज़गी जताते हुए शीघ्र निर्माण शुरू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव से भी फ़ोन पर बातचीत कर परियोजना की गति बढ़ाने का आग्रह किया।
अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय ने आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण से भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा। उन्होंने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार निगरानी बनाए रखने और सभी स्वीकृत योजनाओं को समय पर पूरा कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।

