जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता: 25 लाख रुपए की डकैती के पांच आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर पुलिस ने 25 लाख रुपये की डकैती का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मामला कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर दो का है, जहां 9 अक्टूबर की शाम नर्सिंग होम संचालक दीपराज दास के घर पर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये के आभूषण और कीमती सामान लूट लिए थे।


सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस घटना का मास्टरमाइंड जगसलाई निवासी इसराफिल है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी और वारदात से पहले एक सप्ताह तक घर की रेकी की थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कृष्णा लोहरा उर्फ पाड़ी, कुणाल सिंह मुंडा, सयोराज सिंह उर्फ जस्से पाजी, फहीम आलम और एक अन्य शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद किए हैं। हालांकि, लूटे गए सामानों में से केवल एक ब्रेसलेट और एक घड़ी ही मिली है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
सिटी एसपी ने कहा कि यह पुलिस टीम की संगठित और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है, और शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

