जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सदर प्रखंड के मतकमहातु पंचायत में ठंड के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम ने प्रशासन एवं प्रखंड कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण किया। यह कार्यक्रम प्रखंड प्रमुख एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की उपस्थिति में संपन्न हुआ।


कंबल वितरण पंचायत अंतर्गत कमारहातु एवं मतकमहातु गांव में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जरूरतमंद बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों को कंबल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड से राहत पहुंचाना और गरीब व असहाय लोगों की सहायता करना था। कंबल पाकर लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखी गई।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य दीनबंधु देवगम, पंचायत सचिव जगबंधु दास, अभय देवगम, वीर सिंह गोप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मुखिया जुलियाना देवगम ने कहा कि सरकार एवं प्रशासन की ओर से मिलने वाली योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आगे भी पंचायत स्तर पर इस तरह के जनकल्याणकारी कार्य किए जाते रहेंगे।
प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ ने भी पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम गरीब और बुजुर्ग लोगों के लिए बहुत सहायक होते हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से इसी तरह जनहित में कार्य करते रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में लाभुकों ने प्रशासन एवं पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और इस पहल को सराहनीय बताया। शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए इस कार्यक्रम से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।

