जयराम महतो समेत तीन पर केस दर्ज, महिला ने अपमानित करने का लगाया आरोप
रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी की एक महिला ने डुमरी के विधायक जयराम महतो सहित तीन लोगों के खिलाफ अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि जेएलकेएम पार्टी से जुड़े यूट्यूब चैनल के माध्यम से उनके खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।


महिला का कहना है कि यूट्यूबर बिट्टू सिंह ने उनका नाम लेकर एक वीडियो बनाया, जिसमें आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। महिला का यह भी दावा है कि यूट्यूबर उत्तम कुमार महतो विधायक जयराम महतो के करीबी सहयोगी हैं और यह वीडियो उन्हीं के इशारे पर बनाया गया है।
विधायक जयराम महतो पर आरोप है कि उन्होंने पूर्व में दर्ज मामले को वापस लेने के लिए दबाव बनाया था और जब महिला ने ऐसा नहीं किया, तो उन्हें समाज में बदनाम करने की कोशिश की गई। महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

