कालियाडुंग्री में निर्मल भवन का शिलान्यास, खरसवाँ विधायक दशरथ गगराई ने रखी आधारशिला
सरायकेला-खरसवाँ के गम्हारिया प्रखंड भाग–2 अंतर्गत पंचायत नारायणपुर के कालियाडुंग्री में बहुप्रतीक्षित निर्मल भवन का आज विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब एक दशक से स्थानीय लोगों द्वारा उठाई जा रही इस मांग को आज आखिरकार जमीन मिल गई, जब खरसवाँ विधायक दशरथ गगराई ने विधि-विधान के साथ आधारशिला रखी।


इस अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक श्री गगराई एवं उनकी धर्मपत्नी बसंती गगराई का गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने उन्हें माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद फीता काटकर, नारियल फोड़कर तथा शहीद निर्मल महतो और शहीद सुनील महतो के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मौके पर अपने संबोधन में विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि निर्मल भवन की मांग काफी पुरानी थी और आज इसका शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एक भवन नहीं होने से जनता को बैठकी तथा छोटा-मोटा कार्यकर्म करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है—एक ओर होली का पावन पर्व है तो दूसरी ओर वीर सांसद सुनील महतो का शहादत दिवस भी है। विधायक ने आगे कहा कि उनके पास जो भी विकास मद आता है, वह जनता और कार्यकर्ताओं का है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारने का काम लगातार किया जा रहा है। प्रखंड क्षेत्र में कई पुल और सड़कों का निर्माण जारी है और आगे भी जरूरत के अनुसार विकास कार्य जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो, विजय महतो, नायडू गोप,मनसा टुडू, पंकज प्रधान, रामू त्रिपाठी, लक्ष्मण महतो, देवाशीष हसदा, प्रभात रंजन महतो, शैलेन्द्र महतो,
सहित क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

