कांड्रा क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध औचक जांच, दो ओवरलोडेड वाहन जब्त
सरायकेला–खरसावाँ।


जिले में खनिजों के अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को कांड्रा थाना क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला खनन विभाग की टीम द्वारा कांड्रा–टाटा मार्ग पर संचालित किया गया।
जांच के दौरान पिंडराबेड़ा के समीप निर्धारित क्षमता से अधिक बालू का अवैध परिवहन करते हुए दो ओवरलोडेड वाहनों को पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों में क्रमांक JH05BS-2996 एवं JH01DB-2401 शामिल हैं। दोनों वाहनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार अग्रेत्तर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले के किसी भी क्षेत्र में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलेभर में सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी नियमित रूप से औचक जांच अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप देखा गया।

