Newsझारखण्ड

कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय के समक्ष किया विरोध प्रदर्शन

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय द्वारा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दाखिल आरोप पत्र को खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और भाजपा के विरोध में भाजपा कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस जिला सचिव जानवी कुदादा के नेतृत्व में किया गया।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री देवेन्द्र नाथ चांपिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना एफआईआर के केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी के माध्यम से सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश की गई, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया।

 

कांग्रेस जिला सचिव जानवी कुदादा ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार ईडी और सीबीआई के जरिए कांग्रेस एवं विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है और गैर भाजपा शासित राज्यों के जनप्रतिनिधियों को डराने का काम कर रही है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु ने कहा कि केंद्र सरकार की दमनात्मक नीतियों को न्यायालय ने देश की जनता के सामने उजागर कर दिया है।

 

कांग्रेस प्रदेश सचिव अशरफुल होदा ने कहा कि इस मामले में न तो किसी तरह का धन लेनदेन हुआ और न ही संपत्ति का स्थानांतरण, इसके बावजूद ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मानसिक प्रताड़ना दी गई।

 

कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि न्यायालय के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

 

इस मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, नगर उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, महासचिव विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *