Newsझारखण्ड

केन्दपोसी डिग्री कॉलेज निर्माण में स्थानीय मजदूरों को काम देने की मांग

 

हाटगम्हरिया(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड जेनरल कामगार यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में हाटगम्हरिया प्रखंड अंतर्गत केन्दपोसी में बन रहे डिग्री कॉलेज निर्माण स्थल पर मजदूरों के साथ बैठक की गई। बैठक में स्थानीय मजदूरों को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

मजदूरों ने आरोप लगाया कि डिग्री कॉलेज निर्माण कार्य में स्थानीय मजदूरों को काम न देकर बाहर से मजदूर लाकर कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय मजदूरों द्वारा प्रबंधन से रोजगार की मांग की गई, लेकिन उन्हें काम नहीं दिया गया। मजदूरों का यह भी आरोप है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा ग्रामीणों को केस दर्ज करने की धमकी दी गई है।

बताया गया कि वर्तमान में भी निर्माण स्थल पर करीब 80 बाहरी मजदूर कार्य कर रहे हैं, जबकि स्थानीय मजदूरों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि काम नहीं है। मजदूरों ने यह भी बताया कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कोई साइन बोर्ड नहीं लगाया गया है।

इस मामले को लेकर पूर्व में 28 नवंबर 2025 और 10 दिसंबर 2025 को कार्यस्थल पर धरना-प्रदर्शन किया गया था तथा कार्यस्थल से हाटगम्हरिया प्रखंड कार्यालय तक करीब 10 किलोमीटर पदयात्रा कर रोजगार की मांग की गई थी। इसकी जानकारी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी चाईबासा और प्रखंड विकास पदाधिकारी हाटगम्हरिया को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कार्रवाई नहीं होने से नाराज मजदूरों ने घोषणा की है कि 30 दिसंबर 2025 को गांधी मैदान से पुराने डीसी कार्यालय तक नंग-धडंग, थाली-कटोरा के साथ जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी चाईबासा को हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र भी सौंपा गया।

मौके पर प्रखंड अध्यक्ष सुनील लागुरी, मदन सिंकु, अंकुरा खन्डाईत, दासो सिंकु, गर्दी सिंकु, रामजीवन सिंकु, सरस्वती खन्डाईत, जोंगा सिंकु, सुखमति सिंकु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बेरोजगार मजदूर उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *