Newsझारखण्डसरायकेला

केसरगड़िया में धड़ल्ले से चल रहा अवैध खनन, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल  

 

 

राजनगर: पोटका पंचायत के पहाड़ पर माफियाओं का कब्जा, प्रकृति पर संकट गहराया

 

राजनगर, संवाददाता।

राजनगर प्रखंड के पोटका पंचायत अंतर्गत केसरगड़िया गांव के समीप स्थित पहाड़ पर इन दिनों अवैध खनन का कारोबार खुलेआम जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कई दिनों से खनन माफिया पहाड़ की लगातार खुदाई कर पत्थरों की चोरी कर रहे हैं। इस दौरान बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई भी की जा चुकी है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और वन विभाग की चुप्पी ने खनन माफियाओं का हौसला और बढ़ा दिया है। क्षेत्र में दिनदहाड़े ट्रैक्टरों से पत्थर ढोए जा रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

 

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इतनी बड़ी गतिविधि संभव नहीं है। उनका कहना है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में पूरा पहाड़ समतल हो जाएगा और गांव की जलवायु व हरियाली पर स्थायी असर पड़ेगा।

 

पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन पर रोक नहीं लगी, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

 

इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *