खेती की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, जांच की मांग को लेकर सीओ को सौंपा मांग पत्र
पोटका : गंगाडीह निवासी साजिद ने अपनी खेती की जमीन पर अवैध कब्जा और फर्जी डिड के आधार पर खरीद–बिक्री करने का आरोप लगाते हुए पोटका अंचल अधिकारी को मांग पत्र सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।


साजिद ने बताया कि खतियानी रैयतदार वेणु मोदी से उनके दादा शेख मोहम्मद हुसैन ने वर्ष 1966 में खाता नंबर 150, प्लॉट नंबर 498, रखवा 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। तभी से उनका परिवार उस जमीन पर खेती करता आ रहा है और उसी से परिवार का जीवन यापन होता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी डिड बनाकर उक्त जमीन की खरीद–बिक्री कर दी गई है। इस संबंध में साजिद के साथ मोहम्मद काशू, हल्दीपोखर के ग्राम प्रधान मोहम्मद असलम, अब्दुल रब, वाजिद और रफीक भी अंचल कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि यह जमीन ही उनके परिवार के जीविका का एकमात्र सहारा है, जहां फसल उगाकर वे लोग अपना जीवन यापन करते हैं। ऐसे में गलत तरीके से जमीन की खरीद–बिक्री होना गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से फर्जी डिड को रद्द करने के साथ-साथ उससे जुड़े म्यूटेशन को भी निरस्त करने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में अंचल अधिकारी निकिता बाला ने बताया कि शेख मोहम्मद हुसैन द्वारा वर्ष 1986 में उक्त जमीन की बिक्री की गई थी। इसके बाद जब नामांतरण के लिए आवेदन आया तो डिड की कॉपी का चाईबासा से सत्यापन कराया गया, जिसके बाद ही म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी की गई।

