Newsझारखण्डसरायकेला

खरसावां के आकर्षणी मंदिर परिसर में पान तांती समाज का वार्षिक मिलन समारोह आयोजित, अधिकारों को लेकर उठी आवाज

 

खरसावां के आकर्षणी मैदान परिसर में कोल्हान प्रमंडल पान (तांती) समाज कल्याण समिति की खरसावां-कुचाई इकाई द्वारा भव्य वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा. समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष निरंजन तांती ने की.

कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक मुकुंदराम तांती की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई. समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई. केंद्रीय अध्यक्ष मोतीलाल दास ने अपने संबोधन में कहा कि पान (तांती) समुदाय अनुसूचित जाति वर्ग में आता है, लेकिन सरकारी अभिलेखों और कागजी त्रुटियों के कारण तांती उपनाम रखने वाले अनेक लोग आज भी आरक्षण और अन्य सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पान और तांती एक ही जाति के हिस्से हैं, इसलिए दोनों को समान रूप से लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि दस्तावेजी गड़बड़ियों को जल्द सुधारा जाए ताकि पात्र लोगों को उनका संवैधानिक हक मिल सके.

समिति के संस्थापक उमाकांत दास ने कहा कि समाज लंबे समय से अपनी जायज़ मांगों को लेकर आवाज उठाता रहा है. यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो समाज चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा. उन्होंने लोगों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के लिए जागरूक बनने की अपील की. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और समाज को भरोसा दिलाया कि कागजी विसंगतियों को दूर कराने में वे हरसंभव सहयोग करेंगे. उन्होंने सामाजिक विकास के कार्यों में भी साथ देने की बात कही. प्रखंड अध्यक्ष निरंजन तांती ने अपने वक्तव्य में कहा कि किसी भी समाज की प्रगति शिक्षा, जागरूकता और एकता पर निर्भर करती है. उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर समाजहित में काम करने का आह्वान किया. समारोह का एक खास आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रहा. मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मंच पर बुलाकर पुरस्कार और प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया.

इस दौरान अभिभावकों और समाज के लोगों ने बच्चों की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया. समारोह का समापन समाज की एकजुटता और शिक्षा को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ. कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव हरिश चंद्र भंज, उपाध्यक्ष चुलने दंडपाट, नागेंद्र तांती, प्रवक्ता जगदीश दास, दिलीप तांती, देवीलाल तांती, रोहित दास, श्रीकांत दास, अर्जुन मल्लिक, परमेश्वर तांती, सुशील तांती, उपेंद्र तांती, अनोज दास, शरद पान, राहुल तांती, शिल्पा दास, लक्ष्मी तांती, बनीता तांती, प्रतिमा तांती समेत समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *