खरसावां के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित
खरसावां प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आमदा एवं आसपास के विभिन्न पूजा पंडालों में शुक्रवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया. सुबह से ही पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कर प्रतिमाओं का विसर्जन जलाशयों में किया गया. इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रूप से सिंदूर खेला किया और एक-दूसरे को मंगलकामनाएं दीं.जगह-जगह श्रद्धालु माताओं का आशीर्वाद लेते और अरवा चावल से माताओं को चुमावन कर अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते देखे गए.विसर्जन यात्रा के दौरान भक्त मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती एवं भगवान गणेश के जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे.भक्ति गीतों की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया और जगह-जगह आतिशबाजी से उत्सव का रंग और भी चटक हो गया. पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा. खरसावां बीडीओ प्रधान माझी और थाना प्रभारी गौरव कुमार व आमदा ओपी प्रभारी रमन विश्वकर्मा ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी. पूरा माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा.



