खुंटपानी के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय भोया में मैट्रिक परीक्षार्थियों का विदाई सह सम्मान समारोह
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय भोया में मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य यमुना तियू मौजूद रहीं। समारोह के दौरान अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत किया गया।
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैट्रिक परीक्षा के दौरान निडर होकर परीक्षा दें और सभी प्रश्नों का उत्तर लिखने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास के साथ परीक्षा लिखना बहुत जरूरी है। समय का सही उपयोग करते हुए प्रश्न पत्र को पूरा करने का प्रयास करें और मेहनत के साथ सकारात्मक सोच बनाए रखें, यही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करते रहने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान को परखने का माध्यम है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है।
अंत में जिला परिषद सदस्य यमुना तियू ने सभी मैट्रिक परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे पूरी लगन और ईमानदारी से परीक्षा दें और सफलता प्राप्त करें।
समारोह के दौरान शिक्षक, विद्यालय के कर्मचारी, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

