खुंटपानी में 4 वर्षीय बच्चे की हत्या से दहशत, प्रखंड प्रशासन ने पीड़ित परिवार को दी सहायता
पश्चिम सिंहभूम जिला के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत खुंटपानी गांव में विगत दिनों चार वर्षीय बच्चे निर्मल हेम्ब्रम की निर्मम हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक बच्चे की मां गहरे सदमे में है। बताया जाता है कि बच्चे के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अभी तक उस दुख से उबर भी नहीं पाई थी कि उसका इकलौता बेटा निर्मल हेम्ब्रम भी इस क्रूर घटना का शिकार हो गया। घटना को लेकर गांव के लोग भी काफी डरे और सहमे हुए हैं। वहीं पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गुरुवार को प्रशासनिक टीम उक्त गांव पहुंची। इस दौरान प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहगा, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक, बड़ा गुंटिया पंचायत के मुखिया हरिचरण हेम्बरम, पंचायत सचिव कृति सामड तथा डालसा की ओर से अलकामा रूही ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित मां को सांत्वना देते हुए सहयोग के रूप में सूखा राशन और आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या या मुसीबत में प्रखंड प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीणों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




